28.8 c Bhopal

अतिवर्षा से जनहानि की सुरक्षा के समुचित उपाय करें : मुख्यमंत्री

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी जिलों के कलेक्टरों को मध्य प्रदेश में हो रही वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अतिवर्षा की स्थिति में लोगों की सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि बाढ़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करें। संभावित स्थितियों के मद्देनजर सभी आवश्यक इंतजाम कर लिए जाएं। आपदा प्रबंधन के लिए राहत दलों को सभी जिलों में मुस्तैद रखें। राहत शिविरों के लिए भी समुचित इंतजाम रखे जाएं। आवश्यकता अनुसार राहत शिविर लगाकर लोगों को राहत पहुंचाई जाना सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि जल भराव की स्थिति बनने पर जनता को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर बनाए गए राहत शिविरों में पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। बांधों के गेट खोलने की स्थिति में समय रहते लोगों को ऊंचे स्थानों पर पहुंचने के लिए सूचित किया जाए साथ ही उन स्थानों पर राहत शिविरों में पर्याप्त बंदोबस्त रखे जाएं।

Comments

Add Comment

Most Popular